साहिबाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन में महिला व्यवसायी शीतल उर्फ तबस्सुम से 30 लाख रुपये नहीं मिलने पर दिल्ली के फर्नीचर कारोबारी ने अपने दो कर्मचारियों को उनकी हत्या की सुपारी दे दी। पुलिस ने तीनों को हथियार, कारतूस और तीन फोन के साथ गिरफ्तार कर साजिश का खुलासा किया है। हत्या से पूर्व तीनों की महिला व्यवसायी के घर में लूटपाट करने की योजना भी थी। पुलिस तीनों के आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है।
डीसीपी ट्रांस हिंडन विवेक चंद्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मुजीब निवासी विजय कोट मार्केट थाना शास्त्री पार्क दिल्ली, इमरान निवासी कृष्णा नगर थाना जगतपुरी और दिल्ली गोविंदपुरा कृष्णा नगर का नदीम है। तीनों रात में शालीमार गार्डन एक्सटेंशन एक में महिला व्यवसायी के एक घर के बाहर से निकले थे। पुलिस ने तीनों के संदिग्ध प्रतीत होते ही थाने लाकर पूछताछ की। तलाशी में पुलिस को कमर में लगी पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में नदीम ने बताया कि वह शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की महिला कारोबारी शीतल उर्फ तबस्सुम के घर लूट करने और उनकी हत्या करने के लिए आए थे, लेकिन वह घर पर नहीं थीं। वह विदेश गई हुई हैं। तीनों के मोबाइल से शीतल के घर की वीडियो, मुजीब और इमरान की हत्या करने को लेकर
ऑडियो चैट भी पुलिस ने बरामद की हैं। नदीम फर्नीचर कारोबारी है जबकि इमरान और मुजीब उसके यहां मालवाहक वाहन चलाते हैं। उसने दोनों को ढाई लाख रुपये में हत्या और लूट की सुपारी दी थी।
2018 से है नदीम और शीतल की जान-पहचान :
2018 में शीतल चिप का कारोबार करती थी। उस दौरान नदीम शालीमार गार्डन में फर्नीचर का कारोबार करता था। पुलिस पूछताछ में बताया कि शीतल ने नदीम से 30 लाख रुपये उधार लिए थे। कई बार कहने पर उसे कुछ ही रुपये लौटाए, जबकि वह पैसे देने के लिए लगातार बात करता रहा। उस पर करीब 25 लाख रुपये बकाए थे।
पत्नी से झगड़े के बीच बदला कार्यक्षेत्र : एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि दो वर्ष पहले नदीम की पत्नी का साहिबाबाद कोतवाली क्षेत्र में शीतल से झगड़ा हो गया था। तब नदीम ने दिल्ली में जाकर अपना कारोबार शुरू किया। मगर बैंक का कर्ज और आर्थिक स्थिति खराब होने की वजह से वह रुपये मांगता रहा। पत्नी से विवाद का बदला लेने और रुपये नहीं लौटाने पर उसने हत्या करने की योजना बनाई थी।
-