इंडिया टीम शूटिंग सिलेक्शन ट्रायल की तैयारियों में जुटे नेशनल शूटर दक्ष चौधरी
- फोटो : AMAR UJALA
प्रद्युम्न उपाध्याय
गाजियाबाद। लॉकडाउन में महानगर के नेशनल निशानेबाजों की इंडिया टीम में जगह बनाने के लिए साधना जारी है। इंडियन जूनियर, यूथ और सीनियर वर्ग में इंडिया टीम में चयन के लिए बीते 12 अप्रैल से दिल्ली में इंडिया टीम सलेक्शन ट्रायल होना था। कोरोना के चलते सलेक्शन ट्रायल टल गया है। लेकिन आने वाले दिनों में चयन ट्रायल में सफलता पाने के लिए महानगर की नेशनल शूटर अंजली चौधरी और नेशनल शूटर दक्ष चौधरी की घर पर ही तैयारी जारी है। इंडिया टीम चयन ट्रायल के अलावा नेशनल शूटर मनीष चौधरी व वाजिद भी लॉकडाउन का लाभ उठाकर आने वाले राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। सभी निशानेबाज अपने प्रशिक्षक रहीश मलिक के निर्देशन में वेट कंट्रोल, बॉडी बैलेसिंग और एकाग्रता बनाने का प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं। इस ड्राई प्रैक्टिस में शूटर फायरिंग न करके केवल अपनी तकनीक को और निखारने में जुटे हुए हैं। नियमित डायरी व चार्ट की मदद से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए नेशनल निशानेबाजों का प्रशिक्षण जारी है। --- यूथ-जूनियर इंडिया टीम में जगह बनाने को दक्ष की मेहनत जारी शूटिंग में जूनियर स्तर पर ऑल इंडिया और नेशनल प्रतियोगिताओं में पदक विजेता दक्ष चौधरी आगामी इंडिया टीम सलेक्शन ट्रायल की तैयारी में जुटे हुए हैं। दक्ष का चयन अभी यूथ और जूनियर दोनों के चयन ट्रायल के लिए हुआ है। एनएच-9 की महागुन सोसायटी में रहने वाले सातवीं कक्षा के छात्र दक्ष घर से ही कोच के निर्देशन में ड्राई ट्रेनिंग कर रहे हैं। दक्ष को सलेक्शन ट्रायल में सफलता पाने की पूरी उम्मीद है। --- इंडिया यूथ बालिका वर्ग में जगह बनाने को जुटी हैं अंजली चौधरी ऑल इंडिया और कई नेशनल प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ी अंजली चौधरी राजनगर स्थित अपने घर से ही आगामी इंडिया टीम सलेक्शन ट्रायल की तैयारी में जुटी हुई हैं। कोच के निर्देशन में वह शूटिंग में सफलता के लिए जरूरी बॉडी बैलेंसिंग, वेट कंट्रोल और एकाग्रता को कायम रखने का गुर सीख रहीं हैं। अंजली शूटिंग के साथ विधि की पढ़ाई भी कर रहीं हैं। --- नेशनल के लिए खुद को तैयार कर रहे मनीष चौधरी शूटिंग में कई ऑल इंडिया प्रतियोगिताओं में पदक विजेता निशानेबाज मनीष चौधरी लॉकडाउन में अपने हुनर को निखारने में जुटे हुए हैं। दसवीं कक्षा के छात्र मनीष चौधरी भट्टा नंबर पांच में रहते हैं। लॉकडाउन में अपने कोच से वह वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए ड्राई ट्रेनिंग हासिल कर रहे हैं। मनीष का लक्ष्य आगामी नेशनल प्रतियोगिता में पदक जीतने का है। --- ओपन शूटिंग चैंपियन वाजिद जुटे हैं तैयारी में कई ओपन शूटिंग प्रतियोगिताओं में पदक विजेता वाजिद आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हुए हैं। संजयनगर सेक्टर-23 में रहने वाले 10वीं के छात्र वाजिद का लक्ष्य देश के लिए एशियन गेम्स व ओलंपिंक में पदक जीतने का है। कोच रहीश मलिक के निर्देशन में ही वाजिद ने निशानेबाजी के गुर सीखे हैं। लॉकडाउन में चल रही ड्राई ट्रेनिंग का वह हिस्सा हैं। --- देश के लिए पदक विजेताओं को तैयार कर रहे रहीश मलिक लॉकडाउन में शूटिंग कोच रहीश मलिक का युवा प्रतिभाओं के हुनर को निखारने का अभियान जारी है। वह घर में ही लॉकडाउन का पालन करते हुए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए नेशनल शूटरों को बॉडी बैलेंसिंग व एकाग्रता हासिल करने को ड्राई ट्रेनिंग दे रहे हैं। उन्होंने अंजली चौधरी व दक्ष चौधरी के इंडिया टीम सलेक्शन ट्रायल में सफलता की पूरी उम्मीद जताई। ---