सिटी पार्क तक हुआ मधुबन बापूधाम योजना की मुख्य सड़क का निर्माण
- फोटो : AMAR UJALA
सबहेड-- जीडीए ने हरसांव से योजना को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का शुरू किया निर्माण कार्य, दिल्ली-मेरठ हाईवे जाने वालों को मिलेगी बड़ी राहत -- पुरानी सड़क में हो गए थे कई खतरनाक गड्ढे, पुलिस लाइन से सिटी पार्क तक नई रोड का निर्माण कार्य पूरा -- मुख्य व कनेक्टिविटी रोड से जुड़ी कई कॉलोनियों के हजारों लोगों को मिलेगी राहत माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। हापुड़ रोड को सीधे मधुबन बापूधाम योजना और फिर दिल्ली-मेरठ हाईवे से जोड़ने वाली मुख्य सड़क का जीडीए ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। हरसांव पुलिस लाइन के सामने से मधुबन बापूधाम योजना को जाने वाली मुख्य सड़क में कई खतरनाक गड्ढे हो गए थे। ऐसे में लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जीडीए ने सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। प्राधिकरण की ओर से हरसांव पुलिस लाइन से मधुबन बापूधाम सिटी पार्क तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी नई सड़क का निर्माण कार्य किया जा चुका है। फिर सिटी पार्क से आगे मधुबन बापूधाम की विभिन्न पॉकेट तक जाने वाली मुख्य सड़क के निर्माण से पहले पुरानी सड़क को जेसीबी से तोड़ा जा रहा है। गड्ढों में तब्दील हो चुकी पुरानी सड़क को तोड़ने और गिट्टी बिछाने का काम पूरा होने के बाद नई रोड को डालने का काम शुरू हो जाएगा। इस मुख्य मार्ग के दोनों ओर पहले से नालियों का निर्माण होने और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम होने के कारण जीडीए की ओर से मानसून होने के बावजूद सड़क निर्माण का काम किया गया है। हापुड़ रोड से मधुबन बापूधाम सिटी पार्क तक नई सड़क का निर्माण होने के बाद रविवार को जीडीए के ठेकेदार जर्जर हो चुकी पुरानी सड़क को जेसीबी से तोड़ते हुए दिखाई दिए। सड़क तोड़ने के बाद उसके मलबे को साथ के साथ उठाया जा रहा है। वहीं, सड़क निर्माण संबंधी गिट्टी व अन्य सामग्री डलने के बाद रोड रोलर के जरिए उसे समतल करने के काम में कर्मचारी जुटे दिखाई दिए। यही मुख्य सड़क रेलवे क्रॉसिंग के बाद सीधे दिल्ली मेरठ हाईवे से जोड़ती है। इसके कारण भी बड़ी संख्या में लोग दिल्ली-मेरठ हाईवे की ओर जाने के लिए इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं। जीडीए मुख्य अभियंता विवेकानंद सिंह ने बताया कि मधुबन बापूधाम योजना की मुख्य सड़क का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। सड़क के दोनों ओर बेहतर ड्रेनेज सिस्टम होने के कारण सड़क निर्माण की प्रक्रिया में कोई व्यवधान नहीं आ रहा है। --------------- कई कॉलोनियों के हजारों लोगों को मिलेगी राहत मधुबन बापूधाम योजना की मुख्य रोड का निर्माण होने से आधा दर्जन से अधिक कॉलोनियों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। यह मुख्य रोड एनडीआरएफ, गोविंदपुरम, स्वर्णजयंतीपुरम, सदरपुर के साथ कई अवैध कॉलोनियों को जोड़ती है। वहीं शास्त्रीनगर, अवंतिका, चिरंजीव विहार सहित हापुड़ से आने वाले हजारों की संख्या में लोग दिल्ली-मेरठ हाईवे की ओर जाने के लिए इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं। पहले रोड में कई बड़े गड्ढे होने के कारण दिन ढलते ही दुर्घटना की संभावना बनी रहती थी। नई रोड का निर्माण होने से इस रोड से गुजरने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। -------------