साहिबाबाद। शालीमार गार्डन सी-ब्लॉक में बुधवार की सुबह को कोल्ड ड्रिंक के थोक कारोबारी धनपत (29) पर नए कर्मचारी ने साथी के साथ चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में पुराने कर्मचारी और आसपास के व्यापारियों ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस जांच में नए कर्मचारी से वेतन कम करने का विवाद सामने आया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ चल रही है।
मूलरूप से इलाहाबाद के फतेहरपुर निवासी धनपत कुशवाहा गणेशपुरी में पत्नी और तीन साल के बेटे के साथ रहते हैं। दस साल पहले उनका भाटी चौक पर कोल्ड ड्रिंक का थोक कारोबार था। कुछ समय पूर्व उन्होंने शालीमार गार्डन सी ब्लॉक में मेन रोड पर त्रिवेणी धाम मंदिर के पास 20 लाख में दुकान खरीदी थी। उसमें हर्षित ट्रेडर्स के नाम से होलसेल का कारोबार शुरू किया। बुधवार सुबह वह दुकान खोलकर बैठेेे थे। सुबह साढ़े ग्यारह बजे कर्मचारी राम खिलाड़ी पास में ही सामान देने गया था। इस बीच बाइक सवार दो लोगों ने दुकान में घुसकर उन पर चाकू से कई वार कर दिए।
पुष्पा ने बताया कि पति ने दो दिन पहले आर्यन नाम के युवक को दस हजार रुपये वेतन पर रखा था लेकिन उन्होंने बाद में आठ हजार रुपये वेतन देने के लिए कहा तो विवाद हो गया। मंगलवार को पुराना कर्मचारी राम खिलाड़ी दुकान पर पहुंच गया। इस दौरान धनपत ने आर्यन को अपना ढाई दिन का हिसाब ले जाने की बात कही तो वह 24 जून को काम छोड़कर चला गया। आरोप है कि बुधवार को वह साथी के साथ बाइक पर आया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
सीसीटीवी कैमरा खराब होने पर उठे सवाल : कारोबारी की दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा था, लेकिन 25 जून को ही वह अचानक खराब होे गया। इससे घटना कैमरे में कैद नहीं हो पाई। सवाल यह है कि आखिरकार घटना से एक दिन पहले सीसीटीवी किसने खराब किया। उधर, अस्पताल में डॉक्टर ने कारोबारी की हालत में सुधार के लिए 24 घंटे काफी अहम बताए हैं।
एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि नए कर्मचारी की पहचान हो गई है। आरोपी और उसके साथी की तलाश में टीम लगी है। पुष्पा की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ है। एक दुकानदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। व्यापारी की हालत अभी गंभीर है।