चंद्रनगर के डोसा किंग रेस्तरां से मंगाए डोसा सांभर में कॉकरोच निकलने का मामला सामने आया है। ऑर्डर मंगाने वाले व्यक्ति ने जीवन संकट में डालने का हवाला दिया है। लिंक रोड थाने में शनिवार को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। वहीं व्यक्ति ने रेस्तरां की लापरवाही से खाद्य व औषधी विभाग को भी पत्र लिखा है।
वृज विहार निवासी योगेश सिंह ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार को चंद्रनगर स्थित डोसा किंग रेस्तरां से पांच डोसे मंगाए थे। घर पर खाना खाने के दौरान डोसे के सांभर में मरा हुआ कॉकरोच निकला। इसकी शिकायत रेस्तरां के रिसेप्शन पर फोन कर की तो मैनेजर ने कॉकरोच नहीं मसाला (मिर्ची) होने का हवाला दिया। उन्होंने रेस्तरां की लापरवाही का विरोध किया। रेस्तरां की ओर से फोटो भेजने की भी बात कही। ज्यादा नाराज होने पर रेस्तरां की ओर से कर्मी को भेजा गया।
घर पहुंचे रेस्तरांकर्मी ने कॉकरोच होने की पुष्टि की। वहीं योगेश ने बताया कि उन्होंने हाईजेनिक के नाम पर रेस्तरां से डोसा मंगाया था। एक मसाला डोसे के लिए 150 रुपये के हिसाब से 750 रुपये का भुगतान किया था जबकि रेस्तरां की ओर से एफएसएसआई का लाइसेंस नंबर भी लिया हुआ है। ऐसे में अनहाइजेनिक खाना उपलब्ध कराना उपभोक्ताओं के जीवन से खिलवाड़ करना है।
मैनेजर बोला... जो करना है कर लो
योगेश ने बताया कि वह शनिवार को भी रेस्तरां गए थे। रेस्तरां के मैनेजर से मुलाकात कर लापरवाही से अवगत कराया गया। इसके बाद भी मैनेजर की ओर से कोई संतोषजनक जबाव नहीं दिया। इस मामले की पुलिस और खाद्य एवं औषधी विभाग से शिकायत करने की बात कही। आरोप है कि मैनेजर ने जो करना है कर लो की बात कहकर टरका दिया। इस मामले का ऑडियो वायरल होना भी सामने आया है। वहीं, डोसा किंग रेस्तरां के मैनेजर एमके राव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पैकिंग में गलती से कॉकरोच चला गया होगा। इस मामले में उपभोक्ता के घर जाकर गलती होना स्वीकार किया जा चुका है।