गाजियाबाद। जीटी रोड स्थित एक होटल में बुआ की बेटी की शादी में आई दिल्ली की छात्रा शादी समारोह में से लापता हो गई। घटना सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। काफी देर तक छात्रा के नहीं मिलने पर परिजनों ने सिहानी गेट थाना पुलिस को सूचना दी। दिल्ली के वेलकम निवासी अनीस अहमद का कहना है कि गाजियाबाद के इस्लामनगर में उनकी बहन रहती हैं। सोमवार रात बहन की बेटी की शादी थी। बरात मसूरी से आई थी। 14 साल की बेटी को वह बहन के घर 10 दिन पहले ही छोड़ गए थे। उनकी बेटी दिल्ली के स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा है। मामले में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में छात्रा अपने परिवार की दो लड़कियों के साथ होटल से बाहर जाती हुई दिखाई दे रही है। कुछ देर बाद दोनों लड़कियां तो वापस लौट कर आईं लेकिन वह नहीं आई। मामले की जांच की जा रही है।