गाजियाबाद। सीएमओ कार्यालय में शुक्रवार शाम राष्ट्रवादी जनसत्ता दल के चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. बीपी त्यागी और सीएमओ कार्यालय के कर्मचारी के बीच झड़प हो गई। झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में डॉ. त्यागी कहना है कि सीएमओ अपने कार्यालय में नहीं मिले थे, इस दौरान उनके साथ बदसलूकी की गई। उन्होंने बताया कि एंटीरेबीज वैक्सीन के संबंध में सीएमओ से मुलाकात करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि एंटीरेबीज वैक्सीन और सीरम को लेकर अभियान चला रहे हैं। डॉ. त्यागी विभिन्न कॉलोनियों में जाकर लोगों को एआरवी और सीरम की जरूरत के बारे में जागरूक कर रहे हैं। शुक्रवार को वह इसी सिलसिले में सीएमओ से मिलने पहुंचे थे, लेकिन सीएमओ अपने कार्यालय में नहीं थे। इस दौरान सीएमओ कार्यालय में तैनात कर्मचारी से उनकी झड़प हो गई। डॉ. त्यागी का कहना है कि कर्मचारी ने उनके साथ बदसलूकी की। जबकि कर्मचारी का कहना था कि वह सीएमओ कार्यालय में वी़डियो बनवा रहे थे।