मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बुलंदशहर और गाजियाबाद के दौरे पर थे। बुलंदशहर में उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में ऐसे हालात थे कि छेड़छाड़ के डर से छात्राएं स्कूल नहीं जाना चाहती थीं। अब जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से छात्राएं भयमुक्त माहौल में स्कूल जा रहीं हैं। मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर के नुमाइश मैदान स्थित निकुंज हॉल में लोगों को संबोधित भी किया।
मोदी राज में देश के लोग सुरक्षित
उन्होंने कहा कि अब बेटियां और महिलाएं न केवल प्रदेश बल्कि मोदी राज में पूरे देश में सुरक्षित हैं। कहा कि बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए पढ़ाना जरूरी है, ताकि वह किसी भी स्थिति में अपने परिवार का पालन पोषण कर सकें। यही नहीं आपराधिक गतिविधियों को रोकने में भी सक्षम हो। बेटियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में महारथ हासिल करते हुए उच्च पदों पर पहुंचकर अपने परिवार समेत देश और प्रदेश का भी नाम रोशन करें।
जनता को न हो बिजली-पानी की परेशानी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद दौरे के दौरान सांसद, विधायक, मेयर और पार्टी के पदाधिकारियों की साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इसका ख्याल रहे कि लोगों को बिजली-पानी समेत अन्य जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि पंक्ति के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार का पहला उद्देश्य है। प्रताप विहार स्थित जल निगम के गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के काम कराने के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारी जिले के अधिकारियों से संवाद करते रहें।