साहिबाबाद। जी-20 सम्मेलन में शामिल होने आए विदेशी मेहमानों से मिलने शनिवार दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली पहुंचे। वह दोपहर करीब दो बजे सरकारी हवाई जहाज से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन उतरे और यहां से कार के जरिए दिल्ली पहुंचे। इस बीच वीवीआईपी रोड करहेड़ा से एलिवेटेड होते हुए यूपी गेट तक जगह-जगह पुलिस और यातायात कर्मी तैनात रहे। उनका काफिला गुजरने के दौरान सुरक्षा कारणों से पुलिसकर्मियों ने जगह-जगह यातायात रोक दिया।
सीएम योगी के दिल्ली जाने की सूचना पर ट्रांस हिंडन जोन की पुलिस के साथ-साथ नगर निगम और प्रशासन के अधिकारी अलर्ट रहे। सुबह से ही हिंडन एयरफोर्स, करहेड़ा, सिकंदरपुर एयरपोर्ट और नागद्वार व एलिवेटेड रोड पर साफ-सफाई का काम शुरू हो गया। धूल-मिट्टी उड़ने से रोकने के लिए नगर निगम की गाड़ियों ने पानी का छिड़काव किया। इस बीच एलिवेटेड रोड और अन्य जगह पर जी-20 सम्मेलन के बोर्ड व बैनर भी लगा दिए। सीएम याेगी का काफिला दोपहर दो बजे एयरफोर्स हिंडन स्टेशन से बाहर आया, तो यातायात पुलिसकर्मियों ने तीनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया। डीसीपी ट्रांसहिंडन शुभम पटेल का कहना है कि सीएम के दिल्ली जाने के दौरान पूरी सुरक्षा व्यवस्था रही।