साहिबाबाद। लिंकरोड थाना क्षेत्र की रामप्रस्था कालोनी में एक युवती को घर बैठे कमाई का झांसा देकर शातिर ने एक लाख 90 हजार रुपये की ठगी कर ली। पुलिस खाते से हुई ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता गुरबानी भुटानी का कहना है कि अप्रैल 2023 में वाट्सएप पर मैसेज आया था। शातिर ने उनसे टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़कर ऑनलाइन टास्क में निवेश करने पर 35 से 40 फीसदी मुनाफा कमाने का झांसा दिया। वह शातिर के जाल में फंस गईं और कई बार में 1.90 लाख रुपये जमा कर दिए। आरोप है कि शातिर ने निवेश और मुनाफे की रकम न देकर फोन बंद कर दिया। उन्होंने ठगी का पता करने चलने पर जुलाई 2023 में साइबर सेल को शिकायत दी लेकिन ठग का कुछ पता नहीं चला। एसीपी रजनीश उपाध्याय का कहना है कि साइबर सेल टीम खाते की ट्रांजेक्शन और फोन नंबर से ठग का पता कर रही है।