साहिबाबाद। साइबर अपराधियों ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिकारी का अश्लील वीडियो बनाकर उनसे दो लाख रुपये ठग लिए। इसके लिए उनका वीडियो यू-ट्यूब पर अपलोड कर दिया गया। इसके बाद एक अपराधी ने खुद को सीबीआई का अधिकारी अजय मीणा बताते हुए काॅल करके उनसे वीडियो डिलीट कराने के लिए कहा। दूसरे अपराधी ने वीडियो डिलीट करने के लिए उनसे दो लाख रुपये अपने खाते में जमा करा लिए। इसके बाद भी वीडियो डिलीट नहीं किया।
ठगी के शिकार अधिकारी जीएसटी के मोहननगर कार्यालय में तैनात हैं। उन्होंने साहिबाबाद थाने में केस दर्ज कराया है। इसमें बताया है कि उन्होंने तीन बार में दो लाख रुपये साइबर अपराधी के खाते में जमा करा दिए। इसके बाद अपराधी उनसे और रकम की मांग करने लगा। उन्होंने उससे नाम और लोकेशन पूछी तो उसने फोन स्विच आफ कर लिया। खुद को सीबीआई में तैनात आईपीएस अधिकारी बताने वाले अपराधी ने भी फोन बंद कर लिया। इसके बाद उन्होंने थाने में तहरीर दी। घटना छह मार्च की है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद केस दर्ज किया है।
बयान
जिन खातों में रकम जमा कराई गई है, उनके बारे में जानकारी की जा रही है। अपराधियों के फोन नंबरों से उन तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। - रजनीश उपाध्याय, एसीपी साहिबाबाद
मैं सीबीआई से आईपीएस
अजय मीणा बोल रहा हूं....
(ऐसे बनाया दबाव)
ठगी का शिकार बने अधिकारी ने बताया कि छह मार्च की दोपहर दो बजे उनके व्हाट्सएप पर एक वायस मैसेज और एक स्क्रीनशाॅट आया।
उन्होंने मैसेज को सुना। इसमें कहा गया कि तुम्हारी अश्लील वीडियो बन गई है, यह यू-ट्यूब पर है और तेजी से वायरल हो रही है। चेक किया तो वीडियो यू-ट्यूब पर मौजूद थी।
थोड़ी देर बाद ही काॅल आई। काॅल करने वाले ने कहा, मैं सीबीआई से आईपीएस अजय मीणा बोल रहा हूं। आप जल्दी से यू-ट्यूब के तकनीकि अधिकारी को काॅल कर वीडियो डिलीट कराइए।
ठगी का शिकार अधिकारी ने पुलिस को बताया कि वह डर गए और उस नंबर काॅल किया जिससे मैसेज और स्क्रीनशाॅट आया था। उसने कहा, 31 हजार जमा कराइए, वीडियो डिलीट हो जाएगी।
उन्होंने 31 हजार जमा करा दिए तो बोला, और रकम देनी होगी। इस तरह तीन बार में उनसे दो लाख रुपये जमा करा लिए और कहा कि काम हो जाएगा।
अगले दिन फिर से काॅल आ गई। उनसे और रकम जमा कराने के लिए कहा गया। उन्होंने रकम जमा नहीं कराई। उन्हें पता चल गया कि वे साइबर अपराधियों के गिरोह का शिकार बने हैं।