गाजियाबाद। बैंक में रुपये जमा कराने गए एक युवक को दो लाख रुपये का फायदा पहुंचाने का झांसा देकर दो ठगों ने उनसे 50 हजार रुपये ठग लिए। दोनों ठगों ने दो-दो हजार के नोटों की दो गड्डी दिखाकर चार लाख रुपये उसे अपने खाते में जमा करा लेने की बात कही। ठग उन्हें एक कपड़े में लिपटी कागज की गड्डी थमाकर 50 हजार रुपये लेकर भाग गए। उन्होंने सिहानी गेट थाने में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोटगांव के रहने वाले राजन महतो का कहना है कि वह सोमवार दोपहर वह घर से 50 हजार रुपये लेकर गांधी नगर स्थित बैंक में जमा कराने गए थे। बैंक में उन्हें दो युवक मिले। एक युवक ने कहा कि उन्हें चार लाख रुपये अपने खाते में जमा कराने हैं और उनसे अपना फार्म भरने का आग्रह किया। दूसरा युवक उनसे बात करने लगा और बताया कि उनके पास पैन कार्ड और आधार कार्ड नहीं हैं। बैंक से बाहर लाकर उन्हें दो-दो हजार के नोटों की दो गड्डियां दिखाकर बताया कि उनके पास चार लाख रुपये हैं, लेकिन पैन व आधार कार्ड न होने से इस रकम को उन्हें अपने खाते में जमा कराने में दिक्कत आएगी। वह यह रकम अपने खाते में जमा करा लें। इसमें से वह आधी-आधी रकम ले लेंगे। राजन का कहना है कि दोनों ठगों ने उनसे उनके 50 हजार रुपये ले लिए और एक कपड़े में लिपटी नोटों की गड्डी दे दी। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल उसे अपने पास रख लें, काम हो जाने पर वह बाकी 1.5 लाख रुपये ले लेंगे। इसी दौरान चकमा देकर दोनों फरार हो गए। उन्होंने उनके जाने के बाद देखा तो नोटों की बजाय कपड़े में कागज की गड्डियां थीं। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी से फुटेज लेकर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।