इंदिरापुरम। कोतवाली से 700 मीटर दूर वसुंधरा सेक्टर 11 में ऑनलाइन वॉलेट कंपनी के प्रबंधक की पत्नी से सोने की चेन और लॉकेट लूट लिया। घटना 2 मई की रात 9:45 बजे की है। दोनों लुटेरे बाइक पर बिना हेलमेट बैठे थे। लूट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उन्होंने इंदिरापुरम पुलिस को लूट का मुकदमा दर्ज कराया है।
वसुंधरा सेक्टर 12 निवासी कौशल एक ऑनलाइन वॉलेट कंपनी में प्रबंधक हैं। उन्होंने बताया कि पत्नी आराधना सिंह 2 मई को वसुंधरा सेक्टर 11 में अपने मायके में परिवार से मिलने गई हुई थीं। वहां से रात 9:45 बजे वह ई रिक्शा में बैठकर अकेली घर लौट रही थीं। मायके से थोड़ी दूर चलने पर सामने से काले रंग की बाइक पर आए दो लुटेरों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन और लॉकेट लूट लिया। वह कुछ समझ पाती कि इतने में दोनों लुटेरे तेजी से भाग निकले। उन्होंने ई रिक्शा चालक को लुटेरों का पीछा करने के लिए कहा लेकिन कुछ दूर जाने पर उनका पता नहीं चला। घटना के बाद वह घर पहुंची और पति को लूट की पूरी जानकारी दी। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को लूट की सूचना दी। घटनास्थल पर इंदिरापुरम पुलिस ने पहुंचकर लुटेरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज चेक की।
अनुराधा का कहना है कि उन्हें सोने की चेन और लॉकेट शादी के बाद मिले थे। करीब 80 हजार की चेन और लॉकेट लुटने में काफी नुकसान हुआ है। लूट की घटना के बाद दोनों ने इंदिरापुरम कोतवाली पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया है। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि घटनास्थल पर लगे कैमरे में लुटेरों की तस्वीर कैद हो गई है। दोनों लुटेरे दिल्ली की तरफ के बताए गए हैं। दोनों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए टीम अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। दोनों को दबोचकर घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।
-