भोजपुर के गांव सुजानपुर अखाड़ा में बदमाशों ने किसान सुंदर चौधरी के दो बंद मकानों के ताले तोड़कर एक लाख रूपये की नकदी और लगभग तीस लाख रूपये से अधिक के गहने चोरी कर लिए। घटना के समय किसान परिवार समेत मकानों से सटे घेर में सो रहे थे। बदमाशों ने घेर के मुख्य दरवाजे की बाहर से कुड़ी लगा दी। बाइक सवार नकाबपोश दो संदिग्ध गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए। उन्होनें हाथों में दस्ताने पहने हुए थे। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव सुजानपुर अखाड़े के रहने वाले सुंदर चौधरी किसान है। सुंदर के छोटे भाई अनिल की दस वर्ष पहले मौत हो चुकी है। दोनों भाईयों के किलेनुमा बंद मकान एक साथ है। मकानों से सटा हुआ घेर है। बुधवार को छोटे भाई की पत्नी सुमन लोनी स्थित रिश्तेदारी में गमी में गई हुई थी। बुधवार रात सुंदर अपनी पत्नी मीनू,पुत्री देवांशी और पुत्र सुमित व छोटे भाई के पुत्र आशीष और खुशी के साथ घेर में सो रहे थे। सुंदर बृहस्पतिवार सुबह चार बजे उठे तो घेर मुख्य द्वार की बाहर से कुंडी लगी मिली। सुंदर किसी तरह दीवार फांदकर बाहर आए तो दोनों मकानों के मुख्यद्वार के ताले टूटे मिले। मकान में पहुंचे तो वहां दस से अधिक आलिमारियां और लॉकर टूट हुए थे। सारा सामान बिखरा हुआ था।
सुंदर ने बताया कि बदमाश दोनों मकानों के ताले तोड़कर आलमारियों में रखी लगभग एक लाख रूपये की नकदी और लगभग तीस लाख रूपये से अधिक के सोने चांदी के गहने चोरी कर ले गए। डायल 112 और भोजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। गांव में लगे सीसीटी कैमरों चेक किए तो रात लगभग दो बजे बाइक सवार दो नकाबपोश गांव से बाहर जाते दिखे। उन्होंने हाथों में दस्ताने पहने हुए थे और कमर पर बैग लटका था। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए।
पड़ोसियों ने समझा बदंर मचा रहे उत्पात
किसान सुंदर और उनके छोटे भाई अनिल के मकान किलेनुमा बंद है। दोनों मकानों की बनावट भी एक जैसी है। बदमाश लगभग एक घंटे से अधिक समय तक वहां रहें। दोनों मकानों के मुख्य दरवाजों और आलमारियों के तोड़नें की आवाजें पड़ोसियों ने भी सुनी। बताया कि गांव में कभी कभी बंदरों का झुंड़ आकर उत्पात मचाने लगाता है। चोरी की वारदात के समय भी पड़ोसियों ने तोड़फोड़ के शोर को बंदरों का उत्पात समझा और सो गए।
कामगार की पुत्री ने देखे संदिग्ध
किसान सुंदर के यहां कई कामगार काम करते है। कामगार परिवार समेत किसान के बराबर वाले घेर में रहते है। बताया कि एक कामगार की पुत्री रात दो बजे हो रही तोड़फोड़ का शोर सुनकर जाग गई और छत से बाहर देखने लगी। उसने दरवाजे के बाहर एक बाइक और एक युवक खड़ा देखा। युवती ने मकान के बाहर खड़े संदिग्ध को किसान सुंदर का पुत्र सुमित समझा और बिना शोर मचाए वापस कमरें में जाकर सो गई। किसान के घर हुई चोरी के वारदात से ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने शीघ्र चोरी के खुलासे की मांग की है। खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस घटना में किसी करीबी के शामिल होने की आशंका जता रही है। आशंका है कि रैकी कर घटना को अंजाम दिया गया है।
किसान सुंदर की तहरीर के अनुसार चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों को लगाया गया है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।- भास्कर वर्मा,एसीपी मोदीनगर