गाजियाबाद। पैगंबर-ए-इस्लाम मोहम्मद साहब के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में आरोपी जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद के समर्थकों की महापंचायत रविवार को डासना के देवी मंदिर में होगी। पुलिस ने इस महापंचायत के लिए अनुमति नहीं दी है।
अफसर पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि अगर महापंचायत की गई तो सख्त कार्रवाई होगी। यह भी साफ कर दिया गया है कि मुकदमा सिर्फ आयोजकों पर नहीं, बल्कि महापंचायत में शामिल होने वाले लोगों पर भी दर्ज किया जाएगा। पुलिस की तैयारी महापंचायत के लिए लोगों को इकट्ठा नहीं होने देने की है।
शनिवार की शाम की डासना के देवी मंदिर और आसपास के इलाके को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया। रविवार की सुबह आसपास के थानों की फोर्स भी लगा दी जाएगी। 251 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) लगाई गई हैं। खुफिया पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। मंदिर में प्रवेश के सभी रास्तों पर वीडियो रिकाॅर्डिंग कराई जाएगी। ड्रोन कैमरों से भी नजर रहेगी। फुटेज की मदद से पुलिस पंचायत में शामिल होने वाले लोगों की पहचान कर केस दर्ज करेगी।
मंदिर ट्रस्ट की महासचिव डाॅ. उदिता त्यागी का कहना है कि महापंचायत में गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर और बुलंदशहर समेत पूरे पश्चिम यूपी से लोग आएंगे। मुख्य रूप से दो मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। पहला मुद्दा मंदिर की सुरक्षा का है। दस दिन पहले ही मंदिर पर हमले का प्रयास हो चुका है। दूसरा मुद्दा यति नरसिंहानंद की सुरक्षा का है। उनका आठ दिन से कुछ पता नहीं है। पुलिस स्पष्ट जवाब नहीं दे रही।
लोनी के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने शनिवार को एक कार्यक्रम में कहा, महापंचायत में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे। मंदिर पर हमला करने की कोशिश बड़ी घटना है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। जो लोग पंचायत नहीं होने देना चाहते, उनके मंसूबों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
लोगों को जमा नहीं होने देंगे
पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्र ने बताया कि महापंचायत के लिए अनुमति नहीं है। इसका आयोजन नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस लोगों को इकट्ठा नहीं होने देगी। अगर लोग जमा हुए तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मंदिर और आसपास कड़ी सुरक्षा रहेगी।
पुतला फूंकने का प्रयास, 10 गिरफ्तार
कैला भट्ठा में कुछ लोगों ने शुक्रवार की शाम महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद का पुतला फूंकने का प्रयास किया। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंची तो वे लोग भाग गए। पुलिस ने पीछा कर कुछ लोगों को पकड़ लिया। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि शमशुद्दीन, महमूद आलम, बाबर, कासिम, शाहरुख, चांद, आसिफ, समीर और राशिद को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया है ।
पथराव के मामले में दो और गिरफ्तार
चार अक्तूबर की रात डासना के देवी मंदिर पर इकट्ठा होकर मंदिर व पुलिस पर पथराव करने के आरोप में वेव सिटी थाना पुलिस ने शनिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हमला करने और प्रदर्शन कर माहौल खराब करने के पूरे प्रकरण में अब तक 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका हैं। एसीपी वेव सिटी लिपि नगायच ने बताया कि पकड़े गए आरोपी डासना निवासी नूर मोहम्मद और आस मोहम्मद हैं।
नरसिंहानंद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी
मोदीनगर। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपित्तजनक पोस्ट वायरल करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी पकड़ लिया है। जांच में आरोपी नाबालिग निकला। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर यति नरसिंहानंद के खिलाफ आपित्तजनक टिप्पणी की पोस्ट शेयर करने की जानकारी मिली। इंस्टाग्राम अकाउंट भोजपुर के मछरी गांव निवासी युवक का निकला। पुलिस ने एक किशोर को पकड़कर पूछताछ की। संवाद