इंदिरापुरम। कोतवाली पुलिस को साध्वी ने यूट्यूब चैनल द्वारा उन्हें बदनाम करने और विरोध पर दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा कराया है। उन्होंने पुलिस को चैनल का लिंक भी साक्ष्य के तौर पर दिया है। पुलिस आईटी की मदद से मामले की जांच कर रही है। साध्वी का आरोप है कि यूट्यूब चैनल से जुड़े रानी नागर, सुनीता मेघवाल, अशोक कुमार, चमकीला, दिनेश, अमन, पारुल, शबनम और अन्य लोग उनके खिलाफ यूट्यूब चैनल बनाकर अभद्र टिप्पणी करते हैं। उन पर युवतियों से गलत काम करने का आरोप लगाया जाता है। इतना ही नहीं, सभी आरोपी उनके भगवा वस्त्र को लेकर भी अश्लील शब्द बोलते हैं। उन्होंने आरोपियों की हरकत का विरोध किया तो उनके साथ दुष्कर्म करके गला काटने की धमकी दी गई। मामले की प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की पहचान करने का काम शुरू कर दिया है। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि आईटी एक्ट से जुड़े मामले में साइबर टीम यूट्यूब चैनल के संचालक और अन्य लोगों की पहचान कर रही है। आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।