गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र स्थित हिंदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद ने धर्म विशेष के खिलाफ विवादित बयानबाजी की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में वीडियो का संज्ञान लेकर सिहानी गेट पुलिस ने महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद के खिलाफ भावनाओं को भड़काने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
एसआई त्रिवेंद्र सिंह की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में उपनिरीक्षक ने कहा कि वह 29 सितंबर को लोहिया नगर में तैनात थे। उस दौरान हिंदी भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद ने भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया था। उनके भाषण की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया कि मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।