गाजियाबाद। राजनगर में एक घर में घुसकर जबरन बधाई मांगने का मामला सामने आया है। परेशान होकर राजेंद्र राजपूत ने कविनगर थाने में किन्नर सलमा, निशा और हिना के खिलाफ ई-मेल कर मुकदमा दर्ज कराया है।
ई-मेल के माध्यम से की शिकायत में राजेंद्र ने ने बताया कि 2023 में उनकी बेटी की शादी हुई थी। बेटी की शादी के बाद उनके घर आए किन्नरों ने जबरन वसूली की और उन्हें परेशान कर 31 हजार रुपये लेकर चले गए। इसके बाद वही किन्नर फिर 18 सितंबर को उनके घर पर बधाई लेने आ गए और बेटी के पुत्री होने के नाम पर रुपये मांगने लगे।
इसके बाद उनसे नया मकान लेने की बात कहकर बधाई मांगने लगे जबकि घर उनके पिता के द्वारा बनवाया गया था। रुपये देने से मना करने पर अभद्र भाषा में बात करते हैं। मामले में उन्होंने जबरन वसूली का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।