साहिबाबाद। सूर्यनगर की पुष्पा शर्मा ने लिंकरोड थाने में कांग्रेस प्रवक्ता डॉली शर्मा समेत 21 लोगों पर उनके मकान पर कब्जा करने और गार्ड को हथियार दिखाकर डराने-धमकाने का मुकदमा कराया है। उनका आरोप है कि डॉली और अपने बेटे को वह संपत्ति से बेदखल कर चुकी हैं, लेकिन अब कोर्ट के आदेश को नहीं माना जा रहा है।
उन्होंने पुलिस को शिकायत दी कि उनकी पुत्रवधू और डॉली शर्मा सूर्यनगर में मकान पर कब्जा करना चाहती है। वह कुछ दिनों पहले कब्जा करने की धमकी देकर गई थीं। 9 फरवरी की रात साढ़े आठ बजे 15-20 लोगों को लेकर घर पहुंचीं और गार्ड को हथियार दिखाकर डरा-धमका दिया। उसके बाद चाबी छीनकर गन प्वाइंट पर मकान में घुस गईं। आरोप है कि उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कोर्ट में वाद दायर किया था। अब उनका दावा है कि कोर्ट ने पुत्रवधू को मकान में हस्तक्षेप करने से रोका है बावजूद इसके आदेश नहीं माना जा रहा है।
डॉली शर्मा का कहना
वह पति और दस साल के बच्चे के साथ इस मकान में रहती हैं। इसी मकान के पते पर उनके सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज बने हैं। पारिवारिक विवाद को तूल देने के लिए मुकदमा कराया गया है। पुलिस को जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा। उन्होंने गार्ड को हथियार दिखाकर धमकी देने के आरोप से इन्कार किया है।
-