मोदीनगर। भोजपुर पुलिस ने तीन महीने से फरार कार लुटेरे को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीन लुटेरों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गोविंदपुरी स्थित डबल स्टोरी कॉलोनी निवासी कारोबारी रवि शर्मा 24 जून को कार से पिलखुवा जा रहे थे। इसी दौरान भोजपुर क्षेत्र में बदमाशों ने हथियार के बल पर रवि से कार और नकदी लूट ली थी। पुलिस ने रवि की तहरीर पर घटना दर्ज कर सुनील पुत्र वीर सिंह, जितेंद्र उर्फ शिवा पुत्र विजय सिंह निवासी गांव जोया थाना भोजपुर व अनुज पुत्र गजेंद्र निवासी अर्जुननगर थाना पिलखुवा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई गाड़ी बरामद की थी। घटना में शामिल चौथा लुटेरा सुमित पुत्र राजेश निवासी ग्राम उस्मापुर खुर्जा जनपद बुलंदशहर फरार चल रहा था। एसीपी ने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी कर फरार लुटेरा सुमित सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।