मुरादनगर। काकड़ा बंदीपुर गांव मार्ग कार सवार बदमाशों ने टक्कर मारकर बाइक सवार तीन युवकों को घायल कर दिया। हादसे के बाद अनियंत्रित होकर कार नाले में गिरकर पलट गई। बदमाश कार छोड़कर फरार हो गये। बताया गया कि बदमाश नोएडा पुलिस से बचकर भाग रहे थे। महाजनान कॉलोनी निवासी राहुल मित्तल का रावली रोड राधाकुंज कॉलोनी के पास पेट्रोल पंप है। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक कार आकर पंप पर रुकी, जिसमें चार पांच युवक सवार थे। पंप कर्मी ने कार में पेट्रोल डालना शुरू किया, इसी बीच एक दूसरी कार मौके पर आई। बताया गया है कि वह कार नोएडा पुलिस की एसओजी की थी। जिसे देखकर पेट्रोल भरवा रहे युवकों ने अपनी कार दौड़ा दी। पुलिस उनका पीछा करने लगी। काकड़ा गांव के पास बदमाशों की कार ने आगे जा रही बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बंदीपुर गांव निवासी दीपक, अभिषेक, अमित उर्फ बब्बू गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद कार नाले में गिरकर पलट गई और अंधेरे का फायदा उठाते बदमाश खेतों में फरार हो गये। एसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि नोएडा पुलिस बदमाशों का पीछा कर रही थी। कार से तमंचा व कई नंबर प्लेट बरामद हुई है। बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीम लगी है।
पेट्रोल पंप के पास फायरिंग की सूचना
बताया गया है कि पेट्रोल पंप के पास फायरिंग भी की गई, लेकिन पुलिस फायरिंग इन्कार कर रही है। पेट्रोल पंप संचालक ने बताया कि कर्मी से पेट्रोल भरवाने के बाद बदमाश बिना पैसे दिए फरार हो गए। बदमाशों ने कार में 1300 रुपये का पेट्रोल भरवाया था।