साहिबाबाद। रोडरेज के बाद कार सवारों ने ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की शिकायत घायल के परिजनों ने पुलिस से की है। जावली निवासी मोहित ने पुलिस को बताया कि 12 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे वह खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली में चारा लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही अनूप, पुरु, प्रिंस और सिद्धार्थ कार से पीछे से आए और साइड मांगने लगे। मोहित ने कहा कि आगे पर्याप्त जगह नहीं है, दो मिनट में साइड करता हूं। कुछ ही पल बाद कार सवार आगे आए और रुककर उन पर हमला बोल दिया। मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गए। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।