इंदिरापुरम। कोतवाली क्षेत्र के हिंडन नहर रोड पर कार सवार ने साइकिल चला रहे अधिवक्ता को दो बार टक्कर मारकर घायल कर दिया। आरोप है कि एक महिला ने चालक को रोकने का प्रयास किया तो वह गाड़ी लेकर भाग गया। अधिवक्ता को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना 13 अगस्त की सुबह आठ बजे की है। घायल के बेटे ने इंदिरापुरम पुलिस को चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वसुंधरा सेक्टर-10 निवासी शिवांश शर्मा ने बताया कि पिता ओमेश्वरानंद शर्मा पटियाला हाउस कोर्ट दिल्ली में बार एसोसिएशन के मानद सचिव हैं। 13 अगस्त को सुबह आठ बजे कावेरी मार्ग के पास सफेद रंग की कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। लोगों का कहना था कि गाड़ी को 25 वर्षीय युवक चला रहा था। आरोप है कि उसने पिता को दो बार टक्कर मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।