मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जगह-जगह हुए गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। सोमवार सुबह नमो भारत ट्रेन के उत्तर स्टेशन की नीचे हुए गहरे गड्ढे में कैंटर का पहिया फंसने से कैंटर का एक्सल टूट गया। एक्सल टूटने से कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। हादसे के बाद वहां जाम की स्थिति बन गई। हादसे के कारण करीब पांच घंटे यातायात प्रभावित रहा।
बागपत स्थित टाडा छपरौली निवासी चालक सुहैल कैंटर में पेपर शीट लेकर सोमवार सुबह मुजफ्फरनगर से साहिबाबाद जा रहा था। करीब सात बजे वह दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित नमो भारत ट्रेन के मोदीनगर उत्तर स्टेशन के नीचे पहुंचा तो कैंटर का पहिया सड़क पर हुए गहरे गड्ढे में फंस गया। हादसे में कैंटर का एक्सल टूट गया और कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। कैंटर में भरी पेपर शीट के बंडल सड़क पर फैल गए। जिस कारण वहां जाम की स्थिति बन गई। सुबह के समय वाहनों का दबाव बढ़ा तो वहां जाम की स्थिति बन गई। जाम के कारण गाजियाबाद की तरफ जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानी हुई। दोपहर लगभग बारह बजे क्षतिग्रस्त कैंटर को वहां से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। एसीपी ने बताया कि यातायात सुचारू करने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।