गाजियाबाद। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) से संबद्ध महाविद्यालयों में एलएलएम पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए पहली ओपन मेरिट सोमवार देर शाम जारी कर दी गई। अभ्यर्थी 27 और 28 अक्तूबर को अपने चयनित महाविद्यालयों में ऑफर लेटर जमा कर सकेंगे। सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के सार्वजनिक अवकाश के कारण यह निर्णय लिया गया। पंजीकृत, लेकिन प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों की सूची महाविद्यालयवार जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को चयनित महाविद्यालय में ऑफर लेटर जमा करने के बाद उसकी प्राप्ति रसीद लेनी होगी। महाविद्यालय 29 अक्तूबर को आरक्षण नियमों के अनुसार रिक्त सीटों के सापेक्ष ओपन वरीयता सूची तैयार करेंगे। इसके आधार पर 29 और 30 अक्तूबर को प्रवेश दिए जाएंगे। संबद्ध महाविद्यालयों को 30 अक्तूबर तक अभ्यर्थियों के प्रवेश ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।