गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में पूर्व परिचित ने महिला को जरूरी काम होने के बहाने बुलाया और अपने दाेस्त के मिलकर उससे छेड़खानी की। आरोप है कि महिला को डराकर जबरन शराब पिला दी गई। किसी तरह अपनी जान बचाकर महिला अपने घर पहुंची और पति को पूरी बात बताई। मामले में पति ने दो लोगों के खिलाफ कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पति ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उनके यहां गगन नाम का युवक आता था। वह खुद को धर्मगुरु कहता था। इसी चक्कर में उसने उनकी पत्नी से परिचय बढ़ा लिया और जरूरी काम होने की बात कहकर उनको अपने पास बुलाया। आरोप है कि वहां गगन ने दोस्त के साथ मिलकर उनकी पत्नी को डराकर पहले शराब पिलाई फिर छेड़खानी की। किसी तरह अपनी जान बचाकर महिला अपने घर पहुंची और आपबीती सुनाई। पति ने विरोध किया तो आरोपी ने उनको जान से मारने की धमकी दी। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।