गाजियाबाद। पति की मौत के बाद दूसरी पत्नी ने फर्जी वसीयतनामा के आधार पर एक प्लॉट को आवास विकास परिषद से अपने नाम करा लिया। मृतक की पहली पत्नी के बेटे ने अदालत का दरवाजा खटखटाते हुए न्याय की गुहार लगाई। अदालत ने पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच का आदेश दिया है।
अधिवक्ता जुल्फिकार अली चौधरी ने बताया कि ग्राम कैला निवासी रियाजुद्दीन ने दो शादियां की थी। दोनों पत्नियों और उनके बच्चे सहित 11 उत्तराधिकारी थे। आरोप है कि रियाजुद्दीन की दूसरी पत्नी शन्नो ने फर्जी वसीयतनामा के आधार पर धोखाधड़ी कर आवास विकास परिषद के अधिकारियों के साथ मिलकर फर्जी वसीयतनामा बनवाकर 423 वर्गमीटर प्लॉट की रजिस्ट्री अपने नाम करवा लिया था। रियाजुद्दीन की दूसरी पत्नी के बेटे वसीम ने वारिसान प्रमाणपत्र पत्र के आधार पर प्लॉट में सभी 11 उत्तराधिकारियों के नाम दर्ज कराने की अर्जी आवास विकास में लगाई तब फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। अदालत ने विजय नगर थाना प्रभारी को मुकदमा दर्ज कर जांच का आदेश दिया है।