गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र के सिहानी गांव निवासी कारोबारी अनिल कुमार त्यागी पांच दिन से लापता हैं। उनके दोनों मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं। अनिल 11 मई को मतदान करने के बाद कार से कंपनी के कर्मचारी के साथ घर से निकले थे। उनकी आखिरी लोकेशन नोएडा की मिली है। परिवार ने अनहोनी की आशंका जताते हुए नंदग्राम पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस ने नोएडा का मामला बताते हुए वहां शिकायत करने को कहा। बाद में नंदग्राम पुलिस को ही केस दर्ज करना पड़ा।
सिहानी गांव निवासी सुनील कुमार का कहना है कि उनके 41 वर्षीय भाई अनिल कुमार त्यागी की मोरटा में पेपर मिल है। 11 मई को मतदान करने के बाद वह वैगनआर कार लेकर घर से निकले थे। उनके साथ फैक्टरी का एक कर्मचारी भी था, जिसे उन्होंने नोएडा में छोड़ दिया था। इसके बाद वह ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में किसी परिचित के पास गए थे। दोपहर तक वह संपर्क में थे, लेकिन इसके बाद उनके मोबाइल फोन भी बंद आने लगे और देर रात तक घर नहीं लौटे। नंदग्राम एसीपी रवि कुमार सिंह ने बताया कि अनिल कुमार त्यागी की आखिरी लोकेशन ग्रेटर नोएडा में मिली है। फुटेज में वह सोसायटी से निकलते हुए भी नजर आ रहे हैं। उनकी तलाश के लिए टीमें लगी हैं।
दो जिलों के बीच भटकते रहे परिजन
सुनील कुमार त्यागी का कहना है कि 12 मई तक भी जब उनके भाई घर नहीं लौटे तो उन्होंने नंदग्राम पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने उन्हें ग्रेटर नोएडा का बताते हुए वहां शिकायत करने को कहा। वह वहां गए तो नोएडा पुलिस ने मामला गाजियाबाद का बताते हुए वापस भेज दिया। इसके बाद उन्होंने दोबारा नंदग्राम पुलिस से शिकायत की। तमाम प्रयास के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की।