गाजियाबाद। हापुड़ से नगर के निजी अस्पताल में गले की गांठ का ऑपरेशन कराने आए मरीज की मौत हो गई। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चिकित्सक को हिरासत में ले लिया। ऑपरेशन कर रहे चिकित्सक ने मरीज की मौत हर्टअटैक से होने की बात कही है। हापुड़ के भगवतीगंज निवासी मोहन गोयल उर्फ मोनू (43) के गले में काफी लंबे समय से गले में गांठ थी। परिजनों ने लोहियानगर स्थित एक निजी अस्पताल गले की गांठ का ऑपरेशन कराने के लिए शनिवार की सुबह भर्ती कराया था। चिकित्सक ने तमाम जांच पड़ताल करने के बाद ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के दौरान दौरान मोहन गोयल की मौत हो गई। परिजनों ने उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा कर दिया। मोहन गोयल के भाई मनोज गोयल ने चिकित्सक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि मरीजों के आक्रोश के चलते चिकित्सक को थाने में बैठाया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।