मुरादनगर। पुरानी क्रेन कम कीमत में बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से पांच लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
न्यू डिफेेंस कॉलोनी निवासी योगेश कुमार एमपी मशीन टूल्स के मालिक हैं। योगेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि पुरानी क्रेन खरीदने के लिए बुलंदशहर सिकंदराबाद निवासी हाजी कलुवा से संपर्क किया, उसने क्रेन के फोटो भेज दी। इसके बाद योगेश कुमार ने 5 लाख रुपये का चैक कलुवा को एडवांस दे दिया, जो उसने क्लीयर भी करा लिया। योगेश कुमार जब क्रेन लेने पहुंचे तो वह बदली हुई और खराब स्थिति में थी। जिस क्रेन का सौदा हुआ था, वह वहां नहीं थी। आरोप है कि पैसे मांगने पर आरोपी अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर हाजी कलुवा व जुबैर निवासी मोहल्ला रिसालदारान सिकंदराबाद बुलंदशहर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।