गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र के मिर्जापुर में आरोपियों ने पहले मां को पीटा। बचाने आए उनके बच्चों को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। मामले में मिर्जापुर निवासी मुमताज ने विजयनगर थाने में अफजाल, आदिल, आदिब उर्फ सूखा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मुमताज ने बताया कि 20 फरवरी को उनके बच्चों का मोहल्ले में रहने वाले अफजाल के बच्चों से झगड़ा हो गया था। मामले में वह अपनी बेटी मुस्कान व बेटे स्माइल के साथ अफजाल के घर बात करने गई थीं। जैसे ही उन्होंने बच्चों के झगड़े के बारे में बात की तो अफजाल और उसके बेटे आदिल व आदिब हमलावर हो गए। उन्होंने उनको पीटना शुरू कर दिया। उनको बचाने आए बच्चाें पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।