साहिबाबाद। औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 में शनिवार सुबह गलत दिशा में चल रही बस्ती डिपो की बस सामने से आ रही कार से टकरा गई। नाराज कार सवार युवकों ने चालक और परिचालक को बुरी तरह पीटा। इस बीच परिचालक का नकदी से भरा बैग गायब हो गया। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन देर शाम बस में बैग और नकदी मिलने पर चालक-परिचालक ने लूट की शिकायत वापस ली। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है। शेषनाथ शुक्ल बस्ती रोडवेज डिपो की बस में परिचालक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह शनिवार सुबह कौशांबी महाराजपुर पहुंचकर चालक के साथ साहिबाबाद पंप पर बस में डीजल भरवाने गए थे। डीजल भरवाने के बाद पंप से गलत दिशा में कुछ दूर चलने पर सामने से आ रही कार में टक्कर लग गई। कार सवार युवकों ने चालक व परिचालक पर हमला कर दिया। हालांकि, सुबह परिचालक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि कार सवार युवकों ने मारपीट के बाद उनका बैग गायब कर दिया। इसमें 13 हजार 500 रुपये, इलेक्ट्रोनिक टिकट मशीन, टिकट, बैंक पासबुक, मोबाइल चार्जर था। युवकों ने ईंट मारकर बस का शीशा भी फोड़ दिया और बस के अंदर तोड़फोड़ भी की। लूट की सूचना पर लिंकरोड पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। देर शाम बस की सीट के नीचे बैग मिल गया। डीसीपी शुभम पटेल का कहना है कि बैग बस में ही गिर गया था। विवेचना में मारपीट की धारा जोड़कर कार्रवाई की जाएगी। कार सवार तीनों युवकों से पूछताछ हो रही है।