मोदीनगर। भोजपुर के गांव सैदपुर में दबंगों ने पुरानी रंजिश में घर में घुसकर मां,बेटे और युवक पर धारदार हथियार व सरिया से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मां बेटा व युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव सैदपुर निवासी सोनू ने बताया कि कुछ दबंगों उनसे किसी बात को लेकर रंजिश रखते है। दो दिन पूर्व शाम के समय सोनू अपने घर पर थे। आरोप है कि इसी बीच दबंग उनके यहां पहुंचेे और गाली-गलौंज करने लगे। सोनू ने विरोध किया तो आरोपी ने अपने साथियों को कॉल कर दी। आरोेपी के साथियों ने सरिया और धारदार हथियार से सोनू के घर पर धावा बोल दिया। उन्होने सोनू और उसकी मां सुशीला देवी व भतीजे पर सरिया आदि से जानलेवा हमला किया। हमले में सोनू और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए व सुशीला देवी को भी चोटें आई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपी उनसे भी उलझ गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी वहां से भाग निकले। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आकाश, गौरव, विकास, अभिषेक और मार्शल के खिलाफ बलवा व घर में घुसकर जानलेवा हमले सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई,मगर आरोपी फरार मिले।