मोदीनगर। नगर के राज चौपले पर सोमवार सुबह स्कूटी में साइड लगने पर दबंगों ने कार सवार परिवार को पीटा और कार में तोड़फोड़ की। घटना के दौरान मौके पर मौजूद यातायात पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। राहगीरों ने मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
जनपद मेरठ स्थित बागपत रोड निवासी प्रमोद कुमार कारोबारी है। प्रमोद कुमार सोमवार सुबह कार द्वारा परिवार के साथ रिश्तेदारी में दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही वह लगभग 11 बजे मोदीनगर राज चौपले पर पहुंचे तभी एक स्कूटी में कार से साइड लग गई। इससे स्कूटी सवार भड़क गए और सरेराह कारोबारी और उनके परिवार को गाली-गलौज करते हुए प्रमोद को कार से खींचकर पिटाई करने लगे। बीच बचाव करने आई पत्नी और बेटी से बदसलूकी की। आरोपियों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। घटना के दौरान राज चौपले पर जाम की स्थिति बन गई। बच्चों की चींखपुकार सुनकर राहगीरों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। मौके पर मौजूद यातायातकर्मी अन्य वाहनों की चेकिंग में व्यस्त रहे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हापुड़ मार्ग की तरफ फरार हो गए। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि मामले की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।