घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
रविवार की सुबह थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव देवली में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन युवकों वीरेंद्र भाटी, उसके चचेरे भाई सुजीत भाटी, गांव के ही एक अन्य युवक सप्पू पर बाइक सवार दो लोगों ने गोलियों बरसा दीं। तीनों की हालत गंभीर है। तीनों को मेरठ रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार सुबह तीनों लोग टहलते हुए नानपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर पहुंचे, तभी बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र भाटी को एक, सुजीत भाटी को तीन और सप्पू को एक गोली लगी है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल मचा है।
मौके पर पहुंचे परिजनों, ग्रामीणों एवं पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मौके पर कई राउंड फायरिंग की गई और बदमाश आराम से फरार हो गए। घटनास्थल पर पुलिस ने कई खाली कारतूस बरामद किए हैं। एसपी दीपक भूकर मौके पर पहुंच गए और परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी गई है। फिलहाल हमले के पीछे कारण स्पष्ट नहीं है।