बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और फिर थाने पहुंच गया। एक छोटी सी लड़ाई का खूनी अंजाम होगा ये किसी ने नहीं सोचा था। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
गांव खुशहालपुर निवासी आरोपी अजीत सिंह ट्रक चालक है। उसकी शादी करीब 15 वर्ष पूर्व आशा से हुई थी। दोनों की चार संतानें हैं। बताया गया कि रविवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
रात में मामला शांत हो गया। लेकिन, सोमवार सुबह फिर से दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान अजीत ने दुपट्टे से अपनी पत्नी आशा का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी खुद ही गुलावठी थाने जा पहुंचा।
थाने जाकर उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी की हत्या करके आया है। थाना पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया और मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। हालांकि, अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी जा सकी है।