बुलंदशहर। जनपद में प्रतिदिन मरीज स्वस्थ्य होने पर डिस्चार्ज हो रहे हैं। वहीं, नए संक्रमण के मामलों भी बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को 17 लोगों को डिस्चार्ज किया गया तो एक स्वास्थ्यकर्मी समेत 20 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जनपद में अब कोरोना का आंकड़ा 870 हो गया हैं, जिससे 24 की मौत हो चुकी हैं। अनलाॅक-दो के दौरान जनपद में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को नगर समेत सात क्षेत्रों में 20 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव प्राप्त हुई। शुक्रवार को जहांगीराबाद में नौ, बुलंदशहर में चार, लखावटी में तीन और स्याना, डिबाई, अगौता व अनूपशहर में एक-एक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जहांगीराबाद नगर क्षेत्र में निकले नौ संक्रमित में चार व्यापारी हैं और एक व्यापारी के परिवार में 10 साल की मासूम बच्ची समेत पांच सदस्य पाॅजिटिव आए हैं। सात मोहल्ला पाठक के तो एक व्यापारी टीचर कॉलोनी का निवासी हैं। साथ ही जहांगीराबाद के पुख्ता बाजार की 15 वर्षीय किशोरी भी पाॅजिटिव आई हैं, जो अनूपशहर में क्वारंटीन थी। जिला अस्पताल की एक महिला स्वास्थ्यकर्मी भी कोरोना संक्रमित मिली, महिला स्वास्थ्यकर्मी ने स्वास्थ्य खराब होने पर ट्रूनेट से जांच कराई थी। साथ ही नगर के साठा निवासी महिला व दुर्गापुरम कालोनी निवासी युवक में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। दुर्गापुरम निवासी युवक नोएडा में पाॅजिटिव आए एक युवक के संपर्क में आना बताया गया। साथ ही सदर तहसील के गांव नैथला हसनपुर में 70 वर्षीय बुजुर्ग भी कोरोना संक्रमित मिला। लखावटी ब्लाॅक क्षेत्र के गांव मांगलौर निवासी तीन युवकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जो पूर्व में पाॅजिटिव आए युवक के संपर्क में क्वारंटीन किए गए थे। डिबाई क्षेत्र के गांव विश्वनाथपुर निवासी एक महिला की रिपोर्ट कोरोना पाॅजिटिव आई, जो पूर्व में संक्रमित मिले युवक के परिवार से हैं। स्याना नगर क्षेत्र के मोहल्ला चौधरीयान की 60 वर्षीय महिला में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। महिला के परिवार के अन्य सदस्य की पूर्व में रिपोर्ट पाॅजिटिव आ चुकी हैं। अनूपशहर क्षेत्र के बढ़पुरा अहार निवासी युवती कोरोना संक्रमित आई हैं। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार युवती कैलाश हाॅस्पीटल नोएडा में स्वास्थ्यकर्मी हैं। इसके अलावा अगौता ब्लाॅक क्षेत्र के नयागांव निवासी एक युवती रेडम जांच में कोरोना पाॅजिटिव आई हैं। 17 हुए डिस्चार्ज जनपद में प्रतिदिन कोरोना पाॅजिटिव आए लोग स्वस्थ्य होने पर डिस्चार्ज किए जा रहे हैं। शुक्रवार को 17 और लोगों का स्वास्थ्य ठीक होनेे पर डिस्चार्ज कर दिया गया। जिसमें जिला अस्पताल के एक चिकित्सक भी शामिल हैं। साथ ही सात खुर्जा के, स्याना के दो, सिकंदराबाद के दो, जहांगीराबाद दो, गुलावठी में एक, पहासू का एक और लखावटी ब्लाॅक क्षेत्र का एक मरीज शामिल हैं। जो वीआईआईटी से 11, मेरठ से दो, जेपी चिट्टा, हापुड और नोएडा से एक-एक मरीज डिस्चार्ज हुआ हैं। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार अब तक 582 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। कोट 20 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई हैं। जिसमें अधिकांश रेंडम जांच में पाॅजिटिव आए हैं। साथ ही 17 लोगों का स्वास्थ्य ठीक मिलने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। - डाॅ. रोहताश यादव, एसीएमओ/नोडल अधिकारी