खानपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को खेत पर मजदूरी करने के लिए गई महिला पर छुट्टा पशु ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रुप से घायल हुई महिला की बृहस्पतिवार तड़के उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद मृतका के परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों का इस हादसे के बाद रो-रो कर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव भदौरा निवासी पुष्पा पत्नी चंद्रपाल गत बुधवार को मजदूरी करने के लिए घर से खेतों पर गई थी। जहां पर रास्ते में घूम रहे एक छुट्टा गोवंश ने महिला पर हमला कर दिया। उसने महिला को सिंगो में लटका कर दूर फेंक दिया सांड के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और सिर में गंभीर चोटें आईं। महिला को इलाज के लिए खानपुर स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां उपस्थित लोगों ने डॉक्टर ना होने की बात कहकर बुलंदशहर जिला अस्पताल के लिए भेज दिया। महिला की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ मेडिकल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार तड़के इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की बात सुनकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है और बच्चों का भी रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पुष्पा व उसके पति चंद्रपाल मजदूरी का कार्य करते थे। ऐसी स्थिति में अब परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।