ककोड़। हाईस्कूल की परीक्षा में फेल होने पर तनाव में आए छात्र ने अपने घर में ही फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, पुलिस मामले की जानकारी होने की बात कहते हुए जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात कह रही है। थाना क्षेत्र के गांव सुनपेड़ा निवासी संजय (१६) पुत्र बने सिंह हाई स्कूल का छात्र था। संजय के पिता बने सिंह मेहनत मजदूरी करते हैं। माता गृहणी है। बताया गया कि शनिवार को संजय अपने पिता के साथ गांव मेंं ही मजदूरी पर गया हुआ था। जहां दोपहर के समय उसने मोबाइल पर हाईस्कूल की परीक्षा का परिणाम देखा। परीक्षा में फेल होने पर वह तनाव में आ गया। बताया गया कि दोपहर के समय वह अपने पिता को खाना खाने के लिए जाने की बात कहते हुए घर आ गया। जब वह घर पहुंचा तो परिवार के अन्य सदस्य किसी कार्य से बाहर थे। उसने घर में कमरे में कुंदे से फंदे से लटकी अपनी जान दे दी। परिजनों ने जब कमरे के अंदर जाकर देखा तो वह फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।