नरसेना। थाना क्षेत्र के गांव पाली आनंदगढ़ी में निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल का लेंटर खोलते समय अचानक भरभराकर गिर गया। जिसके नीचे उसे खोल रहे दो मजदूर दब गए। आनन-फानन में ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज निर्माणाधीन मकान के मालिक को हिरासत में लिया है। खबर लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। मिली जानकारी के अनुसार नरसेना क्षेत्र के गांव पाली आनंदगढ़ी निवासी वीर सिंह(50) पुत्र ननुआ सिंह व संजय(35) पुत्र धर्मवीर सिंह क्षेत्र में मेहनत मजदूरी कर अपना व परिवार का भरण पोषण करते थे। वह फिलहाल गांव में ही प्रेमपाल पुत्र मनवीर सिंह के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहे थे। बताया गया कि प्रेमपाल के मकान की ऊपरी मंजिल पर काम चल रहा था। शुक्रवार सुबह वीर सिंह व संजय दो अन्य मजदूरों के साथ प्रेमपाल के मकान की ऊपरी मंजिल पर डाले गए लेंटर को खोल रहे थे। सुबह करीब 11 बजे लेंटर का आखिरी हिस्सा खोलना बाकी था। जिसे वीर सिंह और संजय खोल रहे थे, जबकि, दो अन्य मजदूर बाहर निकल गए थे। इसी दौरान लैंटर भरभराकर दोनों के ऊपर आ गिरा। जिसमें दोनों दब गए। लैंटर के नीचे मजदूरों के दबने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। आनन फानन में लोगों ने मौके पर पहुंच कर मिट्टी हटाकर दोनों मजदूरों को बाहर निकाला। लेकिन, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लेंटर गिरने की आवाज से सहम गए थे आस पास के लोग गांव पाली आनंदगढ़ी में शुक्रवार सुबह लेंटर खोलते समय अचानक भरभराकर गिर गया। मकान की पहली मंजिल पर हुए इस हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आस पड़ोस में रहने वाले लोग भी सहम उठे। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और मलबा हटाया। मलबा हटाने के बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला। लेकिन, तब तक दोनों की सांसे थम चुकी थीं। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी। वहीं, दो मजदूरों की लेंटर के नीचे दबने से मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। दोनों के घर भी गांव में कुछ ही दूरी पर स्थित हैं। ग्रामीणों व रिश्तेदारों का उनके घर सांत्वना देने के लिए तांता लगा हुआ है। बताया गया कि मेहनत मजदूरी से होने वाली कमाई से ही दोनों के परिवारों का पालन पोषण होता था। सीओ- एसडीएम ने किया मौक मुआयना सूचना मिलने पर सीओ मनीष कुमार यादव व एसडीएम सुभाष सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों व ग्रामीणों से भी बातचीत की। वहीं, सीओ मनीष कुमार यादव ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्माणाधीन मकान मालिक को हिरासत में ले लिया गया है।