बुलंदशहर। देहात कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान तीन शातिर वाहन चोरों को धर दबोचा। जिनके पास से पुलिस ने दो चोरी की बाइकें और अवैध असलाह बरामद किया हैं। तीनों शातिरों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। देहात कोतवाली में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्यौपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार देर शाम को वह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि जैनपुर तिराहे के निकट कुछ शातिर वाहन चोरी चोरी की बाइक लेकर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान टीम ने दो बाइकों पर सवार तीन लोगों को रोका। साथ ही उनसे पूछताछ की और बाइकों के बारे में जानकारी हासिल की। लेकिन, आरोपी युवक बाइकों के कागजात नहीं दिखा सके। जिसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल में पता लगाया कि यह बाइकें चोरी की थीं, और अब आरोपी इन्हें बेचने के इरादे में थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र स्व. हरेंद्र सिंह निवासी गांव रिंडावली थाना गुलावठी, दानिश पुत्र फारूख निवासी मोहल्ला पीरखां थाना गुलावठी व चांद सैफी पुत्र फईमुद्दीन निवासी गांव बरमदपुर थाना गुलावठी के रूप में हुई। साथ ही तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।