बुलंदशहर। औरंगाबाद थाने में तैनात एक दारोगा ने रविवार रात एक रिटायर्ड कानूनगो को मामूली मारपीट के मामले में थाने पर लाकर बुरी तरह पीटा। रिटायर्ड कानूनगो की 75 साल की उम्र होने के बावजूद बुरी तरह से पीटा गया। बाद में उनकी थाने पर ही हालत बिगड़ी तो दारोगा के हाथ पांव फूल गए। मिली जानकारी के अनुसार औरंगाबाद-जहांगीराबाद मार्ग पर स्थित गांव ईलना निवासी ओमप्रकाश लोधी रिटायर कानूनगो हैं। रविवार की देर शाम मामूली बात को लेकर रिटायर कानूनगो की बेटी कीर्ति सिंह का पड़ोसी परिवार से झगड़ा हो गया। कीर्ति सिंह ने बताया कि पड़ोसियों ने उसे और उसके पिता को बुरी तरह से पीटा। बावजूद इसके मौके पर पहुंचे, औरंगाबाद थाने के दारोगा यशपाल सिंह ने पड़ाेसियों से मिलीभगत करके उन्हें कुछ नहीं कहा और रिटायर कानूनगो को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि पूरी रात थाने में उनके पिता की पिटाई की गई। सोमवार को थाने में पिता को छुड़ाने के लिए पहुंची तो उसे कहा गया कि उसके पिता का चालान कर दिया गया है। बाद में बेटी एसएसपी से मिली। जिसके बाद एसएसपी ने जांच कराई। जांच में पाया गया कि पड़ोसियों से हुए झगड़े में रिटायर कानूनगो का कोई मतलब नहीं था, उन्हें बेवजह थाने पर लाया गया। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जांच में पाया गया कि पड़ोसियों की गलती थी, लेकिन दारोगा ने पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की और थाने पर लाए। जिस कारण दारोगा यशपाल सिंह को लाइन हाजिर किया गया है।