स्याना। कोतवाली क्षेत्र के गांव कांचरौठ निवासी युवक की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया गया। बुधवार सुबह सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। वहीं परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ मामले में तहरीर देकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान नजर आ रहे थे। पुलिस जल्द ही वारदात के खुलासे की बात कह रही हैं। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव कांचरौठ निवासी उदय भान सिंह का 25 वर्षीय पुत्र मोहित नोएडा में नौकरी करता था। कुछ दिन पूर्व वह कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव हेतु देशभर में लगाए गए लॉकडाउन के कारण अपने गांव वापस लौट आया था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार शाम को उसके फोन पर किसी का फोन आया था। जिसके बाद वह घर से बाइक लेकर कुछ देर में आने की बात कहकर चला गया था। लेकिन, देर रात तक भी वह वापस नहीं लौटा। जिस पर परिजनों को उसकी चिंता हुई, और उसकी खोजबीन शुरू कर दी। लेकिन, उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका ना ही उसका फोन मिल रहा था। बुधवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने उसका शव गांव के निकट ही जंगल में पड़ा हुआ देखा। उसके शरीर पर मुख्य रूप से चेहरे पर चोट के काफी निशान थे। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गहनता से जांच पड़ताल की। साथ ही उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या की तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।