फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संजय हत्याकांडः हवा में तीर चला रही पुलिस, हिरासत में हैं कुछ लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में पूर्व प्रधान एवं हिस्ट्रीशीटर संजय उर्फ संजीव की हत्या करने वाले शूटरों के बारे में पुलिस 72 घंटे बाद भी कोई खास नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। जबकि, हत्याकांड के बाद से पुलिस कुछ लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हिरासत में लिए लोगों को भी पुलिस ने अभी तक न तो क्लीनचिट दी है और न ही उन्हें जेल भेजा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हत्यारे किसी बड़े गैंग से भी जुड़े हुए हो सकते हैं। हालांकि अभी तक हवा में ही तीर चलाए जा रहे हैं। पुलिस को अभी तक घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो का भी सुराग नहीं मिला है। गौरतलब है कि 15 जून की रात कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित यमुनापुरम कालोनी में गांव जाड़ौल के पूर्व प्रधान एवं हिस्ट्रीशीटर संजय उर्फ संजीव की स्कार्पियो में आए चार-पांच बदमाशों ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई नरेंद्र सिंह ने घटना में दो नामजद जोगेंद्र उर्फ सोनू पुत्र विजय सिंह निवासी गांव कुतुबपुर वर्तमान निवासी यमुनापुरम कालोनी एवं जावेद आलम पुत्र परवेज आलम निवासी गांव अकबरपुर तथा अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के बाद से ही पुलिस अधिकारियों का मानना है कि घटना को प्रोफेशनल शूटरों ने अंजाम दिया, लेकिन, चौथे दिन भी पुलिस को शूटरों के बारे में कोई अहम सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शूटरों का ताल्लुक किसी बड़े गैंग से तो नहीं है। हालांकि चार दिन बाद भी शूटरों और घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो का सुराग न मिलने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले में कोतवाली देहात प्रभारी सुधीर कुमार त्यागी का कहना है कि पुलिस की जांच चल रही है। जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें