बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में पूर्व प्रधान एवं हिस्ट्रीशीटर संजय उर्फ संजीव की हत्या करने वाले शूटरों के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस की दो टीमों को हत्यारों की धरपकड़ को लगाया गया है। पुलिस अधिकारी जल्द ही खुलासे की उम्मीद जता रहे हैं। गौरतलब है कि 15 जून की रात कोतवाली देहात क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित यमुनापुरम कालोनी में गांव जाड़ौल के पूर्व प्रधान एवं हिस्ट्रीशीटर संजय उर्फ संजीव की स्कार्पियों में आए चार-पांच बदमाशों ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। बदमाशों ने पूर्व प्रधान की कार आते ही बदमाशों ने सामने से गोलियां बरसाईं और फिर कार का दरवाजा खोलकर पूर्व प्रधान पर फायरिंग की गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना को प्रोफेशनल शूटरों द्वारा अंजाम दिए जाने का पता चला। मामले में मृतक के भाई नरेंद्र सिंह द्वारा घटना में दो नामजद जोगेंद्र उर्फ सोनू पुत्र विजय सिंह निवासी गांव कुतुबपुर वर्तमान निवासी यमुनापुरम कालोनी एवं जावेद आलम पुत्र परवेज आलम निवासी गांव अकबरपुर तथा अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। घटना के तीसरे दिन भी पुलिस को शूटरों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। सूत्रों की मानें तो पुलिस द्वारा दोनों नामजद आरोपियों को पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि अधिकारी इसको लेकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। मामले में एसएसपी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही शूटरों समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।