बुलंदशहर। देहात कोतवाली पुलिस ने खुर्जा पुलिस के 20-20 हजार रुपये के इनामी दो गैंगस्टर को शुक्रवार देर रात धर दबोचा। आरोपियों के पास से पुलिस ने अवैध असलाह भी बरामद किया है। साथ ही दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। देहात कोतवाल सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि शुक्रवार शाम को वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्यौपाल सिंह क्षेत्र में टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि खुर्जा नगर पुलिस के गैंगस्टर में वांछित 20-20 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश सिकंदराबाद की ओर से पचौता की तरफ आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी। साथ ही मौके से दो लोगों को घेराबंदी कर दबोच लिया। जिनकी शिनाख्त सचिन कुमार पुत्र सुरेश निवासी एसडीएम कालोनी सिकंदराबाद व राजू पुत्र नवाब निवासी गांव निठारी थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 20-20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की हुई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से अवैध हथियार बरामद किए हैं। साथ ही शनिवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।