बुलंदशहर। कानपुर की घटना के बाद जिले में चल रहे आपरेशन क्लीन अभियान के तहत दो थानों की पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने अलग अलग मामलों में वांछित चल रहे दो 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी संतोष कुमार ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर शुक्रवार को मामले की जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि पहासू थाना प्रभारी अखिलेश कुमार गौड़ ने खेड़ा नहर पुल के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी समय एक स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा किया तो आरोपी ने फायरिंग कर दी। बाद में पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी शिनाख्त सुंदर सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी गांव कसूमी थाना पहासू के रूप में हुई। वर्तमान में आरोपी ग्रीन कालोनी थाना हरदुआगंज अलीगढ़ में रहता है। साथ ही पहासू थाने से गैंगस्टर में वांछित चल रहा था। जिस कारण उस पर 25 हजार का इनाम था। आरोपी के पास से पुलिस ने अवैध असलाह भी बरामद कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इसके अलावा एसएसपी ने बताया कि अरनिया थाना प्रभारी अल्ताफ अंसारी अपनी टीम के साथ बृृहस्पतिवार की देर रात महमूदपुर रोड पर चेकिंग कर रहे थे। उसी समय एक युवक बाइक पर आया और पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने फायर कर दिया। बाद में पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की शिनाख्त अनीस पुत्र गरीब खां निवासी गांव दरियापुर थाना जवां जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई। आरोपी अरनिया थाने से गैंगस्टर में वांछित था। जिस कारण उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था।