बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव सुनहेरा में कुछ दबंग लोगों ने एक घर में घुसकर युवक और उसकी मां पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी घर में रखे रुपये भी लूट कर ले गए। मामले में देहात कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव सुनहेरा निवासी जगदीश पुत्र मंगल सिंह ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया कि गांव निवासी कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग उनसे रंजिश मानते हैं। बीते दिनों आरोपी उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने उससे गाली-गलौच एवं मारपीट करनी शुरू कर दी। जब बीच-बचाव करने के लिए उसकी मां हरनंदी पहुंची तो आरोपियों ने उनसे भी मारपीट की। इस दौरान उसकी शर्ट की जेब फट गई, जिसमें रखे हजारों रुपये भी गायब हो गए। बाद में आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। देहात पुलिस ने गांव के ही आरोपी जीतू पुत्र प्रेमचंद, सुंदर पुत्र टीकम सिंह, प्रेमचंद पुत्र बिन्नामी एवं अजीत पुत्र प्रेमचंद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। देहात कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपियों को भी दबोच लिया जाएगा।