खानपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी ननिहाल में रहने आई एक 13 वर्षीय किशोरी के साथ गांव के एक स्कूल में तैनात कर्मचारी ने दुष्कर्म किया। घर वापस पहुंचकर तबियत खराब होने पर किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई। पीड़ित किशोरी के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार 13 वर्षीय एक किशोरी पिछले एक माह से थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी में रह रही थी। गत 15 जुलाई को गांव स्थित एक विद्यालय में स्थित कैंटीन से वह समोसा लेने गई थी। कैंटीन में मौजूद स्कूल का एक कर्मचारी किशोरी को बहला फुसला कर अपने साथ स्कूल के एक कमरे में ले गया। जहां उसने नाबालिग किशोरी के साथ डरा धमकाकर दुष्कर्म किया। आरोपी युवक ने उसे शोर मचाने या शिकायत करने पर हत्या की धमकी दी थी। घर पहुंचकर किशोरी की तबियत अचानक खराब होने पर उसने अपने पिता को बुलाने की जिद की। शाम को अपने पिता से मिलते ही पीड़ित किशोरी ने रोते हुए पिता को बताया। पीड़ित किशोरी के पिता ने आरोपी युवक प्रदीप उर्फ प्रदुल पुत्र रघुनंदन के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। साथ ही किशोरी को मेडिकल कराया गया है। खानपुर थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक प्रदीप उर्फ प्रदुल को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।