बुलंदशहर। लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में पुलिस ने पिछले 24 घंटे में 104 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अब तक जिले भर में 3413 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा चुके हैं। गौरतलब है कि गत 25 मार्च से कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन चल रहा है। कुछ लोगों द्वारा लॉकडाउन का पालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को जिलेभर में पुलिस ने २२ केस दर्ज करते हुए 104 लोगों को नामजद किया है। अब तक जिले भर में 1062 केस दर्ज करते हुए 3413 लोगों को नामजद किया जा चुका है। इसके अलावा जिले में 7703 वाहनों का चालान किया गया है। वाहन चालकों से 9.14 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया है। अब तक 454 वाहनों को सीज किया जा चुका है। पुलिस-प्रशासन द्वारा आकस्मिक सेवाओं के लिए 7959 वाहन परमिट जारी किए गए हैं।